मंडी (वी.कुमार) : सदर मंडल भाजपा ने पोल-खोल कार्यक्रम की शुरूआत की है। इस कार्यक्रम के तहत सदर मंडल भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को बता रहे हैं कि सदर के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री भाजपा के विकास कार्यों का किस प्रकार से श्रेय ले रहे हैं। यह जानकारी सदर मंडल भाजपा के अध्यक्ष दीपक गुलेरिया ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी। दीपक गुलेरिया ने बताया कि पोल-खोल कार्यक्रम के तहत लोगों को पूरी जानकारी देने के लिए पैम्फलेट छपवाए गए हैं और इनमें विस्तार से यह बताया गया है कि भाजपा की सरकारों ने सदर में क्या विकास करवाया और किस प्रकार से कांग्रेस उसका श्रेय लेने में लगी हुई है।
दीपक गुलेरिया ने कहा कि सदर में भाजपा की सरकारों ने ही विकास करवाया है और आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी। दीपक गुलेरिया ने सदर के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री अनिल शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास अपने पिताजी का नाम लेने के सिवाय बोलने के लिए और कुछ भी नहीं है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री से पूछा कि जब से वह राजनीति में आए हैं तब से सदर के लिए उनकी तरफ से क्या योगदान रहा। दीपक गुलेरिया ने कहा कि सदर के विधायक हल्के के लिए कोई बड़ा काम नहीं कर पाए हैं। इस मौके पर पूर्व विधायक डीडी ठाकुर, पूर्व मंडलाध्यक्ष श्याम लाल ठाकुर और भाजपा नेता हरीश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।