कुल्लू ( एमबीएम न्यूज़) : गाड़ापारली पंचायत का शाक्टी गांव खतरे की जद में आ गया है। गांव में पांच मकानों के साथ साथ ब्रह्मा देवता के मंदिर पर भी खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। शाक्टी गांव के दोनों ओर भूस्खलन हो रहा है। भूस्खलन गांव के करीब तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीण दहशत के साए में जीने को मजबूर हैं। बारिश के कारण हो रहे भूस्खलन से हुए नुक्सान का जायजा लेने के लिए अभी तक प्रशासन की टीम गांव नहीं पहुंची है। जिससे ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भी रोष पनप रहा है।
गाड़ापारली पंचायत के प्रधान भाग चंद का कहना है कि शाक्टी गांव में पिछले करीब 15 दिनों से भूस्खलन हो रहा है और भूस्खलन लगातार बढ़ता ही जा रहा है, जिसकी सूचना प्रशासन को दी लेकिन प्रशासन की ओर से कोई भी मौके पर नहीं पहुंचे।
उन्होंने बताया कि अब आलम यह है कि शाक्टी गांव में स्थापित देवता ब्रह्मा के मंदिर सहित गांव के लगन राणा, मोती राम, लुदर चंद, फूला देवी और शेरू के मकानों को खतरा पैदा हो गया है और ये पांच लोगों के परिवार खतरे के साए में जीने को मजबूर है।