ऊना (एमबीएम न्यूज) : प्रदेश की बेटियां कटक (ओडि़शा) में होने वाली कनिष्ठ राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रविवार से रवाना हुई। प्रदेश स्तरीय लड़कियों की टीम को रवाना करने से पूर्व जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष जतिंद्र सैणी तथा प्रदेश फुटबॉल संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओंकार नाथ विशेष तौर पर उन्हें आशीर्वाद देने के लिए पहुंचे। संघ के मीडिया कॉ-आर्डिनेटर सत्यदेव शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि लड़कियों की प्रदेश स्तरीय फुटबॉल में अनुभवी तथा प्रतिभावान खिलाडिय़ों को शामिल किया गया है। जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष जतिंद्र सैणी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में ऊना के लडक़ों के साथ-साथ लड़कियां भी अब फुटबॉल में अपना नाम कमाने लगी हैं। यह जिलावासियों के लिए बेहद हर्ष का विषय है। सैणी ने कहा कि जो लड़कियां कभी सलवार-कमीज में घर से निकलने में भी शर्माती थीं, वह लड़कियां आज बेधड़क होकर प्रदेश के लिए फुटबॉल खेल रही हैं। यह बदलते परिवेश को हिमाचल में बढ़ती फुटबॉल की लोकप्रियता के कारण ही संभव हो सका है। उन्होंने संतोष जाहिर किया कि इस प्रदेश स्तरीय टीम को ज्यादातर लड़कियां ऊना जिला से ताल्लुक रखती हैं। सैणी ने कहा कि फुटबॉल का मक्का कहा जाने वाले जिला ऊना की ख्याति में अब जिले की बेटियां भी अपना योगदान देने में पीछे नहीं हैं।
ये है सिलेक्शन कमेटी में
हिमाचल प्रदेश फुटबॉल संघ द्वारा प्रदेश स्तरीय जूनियर फुटबॉल टीम के सिलेक्शन के लिए अनुभवी लोगों की एक कमेटी के नेतृत्व में प्रदेश स्तरीय जूनियर टीम का ट्रायल लिया गया। संघ के मीडिया कॉ-आर्डिनेटर ने बताया कि इसमें पूर्व संतोष ट्रॉफी खिलाड़ी सुरेश मान, अमित दत्ता व संजीव ठाकुर (ऊना), दीपक शर्मा (सोलन) और विजय शमशेर भंडारी (काँगड़ा) शामिल रहे। सिलेक्शन कमेटी द्वारा चुनी गई टीम का ट्रायल हरोली उपमंडल के खड्ड स्थित फुटबॉल स्टेडियम में कोचिंग कैंप लगाया गया।
ये बनेंगी टीम का हिस्सा
हिमाचल प्रदेश जूनियर टीम में आरती, आशा, डालिमा (गोलकीपर), हार्षिता, मीनू दत्ता, नीतिका देवी, प्रवीण कुमारी (गोलकीपर), पिंकी, प्ररेणा दत्ता, रीता कुमारी, प्रियंका, प्रियंका दत्ता, रीना कुमारी, रिया शर्मा, संगीतिका, सिमरन, सुरैया, सुमन कुमारी, सुरभी और विकिता शामिल हैं। दीपक शर्मा बतौर मुख्य कोच तथा नंदिता शर्मा बतौर मैनेजर टीम के लिए साथ हैं।