नेरचौक (अमीता सेन) : बल्ह घाटी के स्यांह गांव में शुक्रवार को हुई हत्या के आरोपी पति-पत्नी को पुलिस ने शनिवार को न्यायालय में पेश किया। जहां पर उन्हें चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है। बता दें कि शुक्रवार दोपहर बाद स्यांह में दो परिवारों में पानी की निकासी के पुराने विवाद को लेकर हुए झगड़े में एक व्यक्ति गिरधारी की मौत हो गई थी। मौत होने के बाद पुलिस कार्यवाही में पुलिस प्रशासन द्वारा गंभीर हो रहे मामले को संभालते हुए देर रात कंसा खड्ड के शमशानघाट में मृतक का दाह संस्कार करवाया गया।
मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने अपनी कार्यवाही में पूरी सक्रियता से कार्य को निभाया। हालांकि झगड़े में मृतक के परिवार वालों सहित कुछ ग्रामीण उग्र रुप दर्शाते हुए भी दिखे। लेकिन पुलिस ने आरोपी करमचंद को पहले ही हिरासत में लिया था बाद उसके झगड़े में शामिल उसकी पत्नी विद्या देवी को भी देर रात हिरासत में ले लिया। दोनों को शनिवार न्यायालय में पेश किया गया।
कोट्सरू स्यांह में हुए झगड़े में व्यक्ति की मौत के आरोपी पति-पत्नी को हिरासत में ले कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है।आरोपियों को मंगलवार दोबारा न्यायालय में पेश किया जाएगा। – संजीव सूद थाना प्रभारी बल्ह