शिमला (एमबीएम न्यूज): गुडिय़ा प्रकरण में उग्र हुए आंदोलन पर खाकी संयम बरत रही है। लेकिन आज खाकी को भीड़ को काबू करने के मकसद से तीन हवाई फायर भी करने पड़े। थाना पर पथराव के अलावा आगजनी समस्या नहीं थी, लेकिन थाने के भीतर चार आरोपियों की सुरक्षा का डर पैदा हो गया था। बेकाबू भीड़ आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही थी। लिहाजा पुलिस ने तीन राऊंड फायर हवा में किए।
आज के घटनाक्रम में पुलिस थाना को क्षतिग्रस्त करने के अलावा तीन वाहन फूंके गए। इसके अलावा कोटखाई थाना में भी दूसरी बार पथराव हुआ। आज पथराव के बाद घायल हुए दो पुलिस कर्मियों की तस्वीरें व वीडियो भी वायरल हो रही हैं। गौरतलब है कि इसी प्रकरण को लेकर आज ठियोग, फागू व शिमला के अलावा नाहन में भी प्रदर्शन हुए।
पढि़ए हुआ क्या..
- पुलिस हिरासत में एक आरोपी की हत्या की खबर आग की तरह फैलनी शुरू हुई।
- 11 बजे के आसपास कोटखाई बाजार में भीड़ जुटनी शुरू हुई।
- सवा 12 बजे थाना का घेराव कर दिया गया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने जनता को समझाने की कोशिश भी की।
- पौने एक बजे पथराव शुरू हो गया।
- तकरीबन एक बजे लोग आरोपियों को दिखाने की मांग करने लगे। इसी बात पर तीन हवाई फायर हुए।
- अढ़ाई बजे के आसपास थाना में आग लगा दी गई।
- सवा तीन बजे पुलिस के तीन वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। धूं-धूं कर जलते सरकारी वाहनों के वीडियो भी वायरल हुए।
- इसके बाद इलाके में नारेबाजी चलती रही। तत्पश्चात 5 बजे के आसपास भीड़ छंटनी शुरू हो गई। अंतिम खबर के मुताबिक तनाव बरकरार है।