नाहन (एमबीएम न्यूज): शहर के बस स्टैंड पर कार्यरत एक सफाई कर्मचारी को कथित तौर पर हरियाणा के सढ़ोरा में बेचे जाने के मामले में एक महिला समेत दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसमें सैनवाला की रहने वाली सरोज व हरियाणा के शाहबाद के रहने वाले अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में एक पुलिस टीम को हरियाणा भी भेजा गया है।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस को इस मामले में किसी गिरोह की संलिप्तता भी लग रही है, जो संभवत: इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा हो। यह भी बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी महिला सरोज की एक सहेली को भी तलब कर लिया है, जो नौहराधार क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। यह घटना काफी उलझी हुई है। दो महिलाएं व एक पुरुष पहले सफाई कर्मचारी को कालाअंब पहुंचाते हैं। उसके बाद जबरन उसकी सढोरा में शादी कर दी जाती है।
इसके बाद पीडि़त महिला आरोप लगाती है कि उसके साथ अप्राकृतिक शारीरिक संबंध बनाए गए। साथ ही हरियाणा पुलिस को भी कटघरे में खड़ा कर देती है। बहरहाल पुलिस की तफ्तीश में ही सही बात सामने आएगी।
एसपी सौम्या सांबशिवन ने मामले में दो की गिरफ्तारी होने की पुष्टि की है। दीगर है कि मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए पुलिस ने करीब आधा दर्जन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया हुआ है।