सोलन (एमबीएम न्यूज) : मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज जिले के कण्डाघाट उपमण्डल के साधुपुल में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के वाटर पार्क केफे का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिमला से ‘आनलाईन’ लोकार्पण किया। इस वाटर पार्क केफे के निर्माण पर 1.40 करोड़ रुपये व्यय हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार सभी जिलों में पर्यटकों को अत्याधुनिक एवं नवीन सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रदेश में और अत्याधुनिक पर्यटक सुविधाएं सृजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि साधुपुल स्थित वाटर पार्क केफे पर्यटकों, बच्चों तथा प्रदेशवासियों के लिए मनोरंजन का एक प्रमुख केन्द्र बनकर उभरेगा। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ही जिले के भराड़ीघाट में पर्यटन विभाग की सड़क के किनारे स्थापित सुविधाओं का लोकार्पण भी किया। साधुपुल में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम निदेशक मण्डल के सदस्य सुरेन्द्र सेठी ने लोकार्पण पट्टिका का अनावरण किया।
उन्होंने कहा कि यह वाटर पार्क केफे प्रदेश में अपनी तरह का ऐसा प्रथम पर्यटन केन्द्र है। उन्होंने कहा कि यहां जल क्रीड़ाओं के लिए उपलब्ध जल धरती से बोर करके निकाला गया है। यहां स्थानीय खड्ड के जल को प्रयोग में नहीं लाया गया है। इस जल क्रीड़ा केन्द्र में विभिन्न जल क्रीड़ा उपकरणों के साथ-साथ पर्यटकों को केफे की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबन्ध निदेशक दिनेश मल्होत्रा ने इस अवसर पर शिमला से ऑनलाईन जानकारी दी कि निगम पर्यटकों को गुणवत्तायुक्त सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा है। उन्होंने कहा कि निगम वर्तमान में जिले के साधुपुल में 1.25 करोड़ रुपये व्यय कर तथा भराड़ीघाट में 1.52 करोड़ रुपये व्यय कर पर्यटकों को सड़क किनारे मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा है।