हमीरपुर (एमबीएम न्यूज) : हिमाचल प्रदेश ओलम्पिक संघ प्रदेश की पहली ओलम्पिक गेम्ज करवाने के लिए सांसद अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में पूरी तरह तैयार है| WWE रेसलिंग के योद्धा “ग्रेट खली” (दलीप सिंह राणा) एवं महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने इन खेलों को बढ़ावा देने के लिए ओलम्पिक संघ गेम्ज का शुभारम्भ करने आ रहे हैं| जिला में ओलम्पिक संघ गेम्ज का आयोजन 22 से 25 जून तक होगा जिसमें लगभग ग्यारह खेलों को शामिल किया गया है| (हॉकी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग,बास्केटबाल, जुडो, कबड्डी, बॉलीबाल, कुश्ती, खो-खो, वेटलिफ्टिंग और शूटिंग) प्रदेश भर से पचास हजार से भी ज्यादा प्रतिभागी इन प्रतियोगिताओं में अपना हुनर दिखाएँगे|
ओलम्पिक गेम्ज का शुभारम्भ ओलम्पिक टॉर्च की पांच दिवसीय दौड़ के हमीरपुर पहुँचने पर होगा| इस भव्य शुभारम्भ समारोह में बॉलीवुड के कई नामी सितारे भाग लेने पहुंचेंगे| “ स्वंत्रता के बाद भारतीय ओलम्पिक सपने के लिए सबसे बडी शुरुआत नाम इस कार्यक्रम को दिया गया है|
वर्तमान में ओलम्पिक संघ प्रदेश भर में एक ओलम्पिक टॉर्च दौड़ का आयोजन कर रहा है| जोकि 17 जून को शिमला से शुरू हुई थी और अभी कुल्लू पहुंची है| प्रदेश भर के लगभग 3500 युवा प्रतिदिन इस टॉर्च को अपने कस्बों से गुजरते देख रहे हैं|
ओलम्पिक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा है कि ओलम्पिक टॉर्च दौड़ को मिले युवाओं के उत्साह से हम सब इस विश्वास में हैं कि ओलम्पिक गेम्ज में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की संख्या बहुत ज्यादा होगी| उन्होंने कहा की ओलम्पिक गेम्ज के माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ियों की प्रतिभा को ग्राउंडलेवल पर तलाश कर देश का नाम रोशन करने के लिए तैयार किया जाएगा ताकि आने वाले समय में वह प्रतिभागी अपने अपने खेल में भारत का प्रतिनिधितव विश्व स्तर पर कर सकें| हमें पूरा विश्वास है यह शुरुआत आने वाले दिनों में हमें जरुर ओलम्पिक में एक मैडल दिलाएगी|
आज ओलम्पिक गेम्ज के शुभंकर प्रतीक जीतू ने जिला के विभिन्न स्कूलों का दौरा कर ओलम्पिक गेम्ज का सन्देश फैलाया| विभिन्न स्कूलों में शामिल हिम अकैडमी, ब्ल्यू स्टार स्कूल में जाने पर छात्र बहुत उत्साहित दिखे| सबने जीतू के साथ सेल्फी ली और माता पिता के साथ गेम्ज देखने आने की इच्छा जताई|
हिमाचल प्रदेश ओलम्पिक गेम्ज अनुराग ठाकुर की दूरदर्शी सोच का परिणाम है| उन्होंने राज्य के छुपे हुए प्रतिभावान खिलाड़ियों को तराश कर देश के प्रसिद्ध ओलंपियन बनाने की दिशा में पहला कदम बढ़ाया है| दलीप सिंह राणा उर्फ़ ग्रेट खली भी पहले भारतीय और पहले हिमाचली हैं जिन्होंने WWE की प्रतियोगिता में वर्ल्ड हैवी वेट चैम्पियन का खिताब 2007 में हासिल कर भारत का नाम रोशन किया है| अब वः जालंधर स्थित अपनी अकेडमी में नये युवा कुश्ती पहलवानों को प्रशिक्षण देने में अपना समय बिताते हैं|