शिमला (एमबीएम न्यूज़) : चुनावी साल में भाजपा की सक्रियता देख सतारूढ़ कांग्रेस पार्टी भी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के प्रवास के बाद केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह 4 जून को हमीरपुर में भाजपा के एक सम्मेलन में शिरकत करेंगे।
उधर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी कार्यकर्ताओं में जोश करने के लिए अपने राष्ट्रीय नेताओं को यहां बुलाने की तैयारी कर ली है।
कांग्रेस के 17 राष्ट्रीय नेता जून माह में हिमाचल में आएंगे। वे प्रदेश के विभिन्न संगठनात्मक जिलों में पार्टी के सम्मेलनों में शिरकत करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांग्रेस के आला नेताओं के हिमाचल दौरे की पुष्ठि की है। उन्हांेने कहा कि कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनाव की तैयारियां में जोर-शोर से जुट गई है और संगठन की ओर से आगामी दिनों में बड़े अभियान चलाए जाएंगे।
एक सवाल के जवाब में सुक्खू ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों पर कोई संशय नहीं है। विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत पार्टी के संगठनात्मक चुनाव नहीं टाले जाएंगे। उन्होंने कहा कि सगठनात्मक चुनाव को लेकर सदस्यता अभियान वर्ष 2015 से चल रहा है और साढ़े चार लाख सदस्यता फार्म जिलों व ब्लाकों में भेजे गए हैं। उन्होंने सरकार के मुखिया वीरभद्र सिंह की उन पर की गई कथित बयानबाजी पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। हालांकि उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से आज उनकी मुलाकात हुई है, लेकिन इसमें पार्टी के आगामी प्रस्तावित कार्यक्रमों पर ही चर्चा हुई है।
इससे पहले कांग्रेस महासचिव नरेश चैहान ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस सरकार व संगठन के बीच कोई मतभेद नहीं हैं। सरकार के विकास कार्यों को पार्टी द्वारा आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 21 मई को धर्मशाला में कांग्रेस पार्टी 21 मई को शहीदी दिवस के मौके पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिये प्रदेश स्तरीय पद्यात्रा का आयोजन करेगी। पद्यात्रा का आयोजन जिला कांगडा के धर्मशाला में कोतवाली बाजार (संगम पार्क) से लेकर शहीद समारक तक किया जाएगा तथा जिसे शहीद सम्मान यात्रा के नाम से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पीसीसी चीफ सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में निकाली जाने वाली इस पदयात्रा के पार्टी के पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, ब्लाॅक अध्यक्षों सहित सरकार के मंत्री व कांग्रेस विधायक भी शामिल होंगे। नरेश चैहान ने मोदी सरकार के 3 साल के कार्यकाल को विफल करार देते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।