मंडी (वी कुमार) : कांग्रेसी नेता पी चिदंबरम और आप नेता एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर की गई टिप्पणी के बाद भाजपा नेता भड़क उठे हैं। वीरवार को भाजपा नेताओं ने मंडी में कांग्रेसी और आप नेताओं के खिलाफ एक रोष रैली निकाली और जोरदार नारेबाजी की।
सेरी मंच से शुरू हुई भाजपा की रैली शहर भर का चक्कर काटने के बाद चौहाटा बाजार में जाकर संपन्न हुई जहां पर इन्होंने कांग्रेसी और आम आदमी पार्टी नेताओं के पुतले जलाकर जोरदार नारेबाजी की। इस विरोध प्रदर्शन में मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा के सांसद राम स्वरूप शर्मा, सराज के विधायक जय राम ठाकुर और सरकाघाट के विधायक कर्नल इंद्र सिंह सहित तमाम भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चौहाटा बाजार में भाजपा नेताओं ने जमकर अपने मन की भड़ास निकाली। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि जब भी देश की बात आई तो भाजपा ने कांग्रेस सरकारों को दिल खोलकर समर्थन दिया लेकिन आज जब भाजपा की सरकार सत्ता में है तो कांग्रेसी नेता घटिया राजनीति का परिचय दे रहे हैं। उन्होंने कांग्रेसी नेता पी चिदंबरम और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर की गई टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।
सांसद ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक का वीडियो मांगने वाले कांग्रेसी नेताओं को उनके 60 वर्षों के कार्यकाल में किए गए काले कारनामों का वीडियो दिया जाएगा। वहीं उन्होंने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर चुटकी लेते हुए कहा कि केजरीवाल तो बाल है और बाल की कभी खाल नहीं होती।