ऊना (एमबीएम न्यूज़) : शराब के नशे में धुत्त होकर विकास खंड गगरेट की ग्राम पंचायत जाड़ला कोयड़ी में एक भतीजे ने अपने चाचा को ही मौत के घाट उतार दिया। गगरेट पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि हत्या के पीछे कोई पुख्ता कारण उजागर नहीं हुआ है।
जाड़ला कोयड़ी का वेद प्रकाश (45 वर्ष) मेहनत मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि रविवार को वह और उसका भतीजा संजय कुमार (25 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह सुबह से ही एक साथ शराब का सेवन कर रहे थे। वे दोनों संजय कुमार के खेतों में ही सुबह से शराब के नशे में धुत्त थे और देर सायं तक शराब का सेवन करते रहे।
देर सायं शराब के नशे में धुत्त होकर दोनों आपस में उलझ पड़े और संजय कुमार ने उसका सिर नीचे फर्श पर पटक दिया। इसके चलते उसके सिर व नाक पर गहरी चोट लग गई। इसके बाद संजय कुमार वहां से चला गया। काफी देर बाद भी जब वेद प्रकाश घर नहीं पहुंचा तो उसका भाई उसकी तलाश में वहां आया और वेद प्रकाश को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। इसकी सूचना गगरेट पुलिस को दी गई जबकि वेद प्रकाश को गंभीर अवस्था में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया जा रहा था कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई ने इसके लिए संजय कुमार को दोषी ठहराया है। मौका पर पहुंचे एसएचओ गौरव भारद्वाज ने मृतक के भाई के बयान कलमबद्ध करने के साथ आरोपी संजय कुमार को हिरासत में ले लिया। सोमवार को मृतक वेद प्रकाश का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों के हवाले कर दिया।
डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सुरेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। अभी तक की जांच में दोनों द्वारा एक साथ शराब का सेवन करने की बात सामने आई है और शराब के नशे में हुई हाथापाई में ही वेद प्रकाश को गहरी चोट लगी। इसके अलावा हत्या के पीछे कोई ठोस मकसद सामने नहीं आया है।