नाहन (एमबीएम न्यूज): नेलसन मंडेला दिवस पर राजधानी के गेयटी थियेटर में 18 जुलाई को नाहन सैंट्रल जेल के कैदियों का समूह अपनी प्रतिभा को सूफी गायन के अलावा भक्ति संगीत के जलवे प्रदर्शित करेंगे। दमादम मस्त कलंदर सूफी गीत पर न केवल कैदी रामकिशन के सुर बिखरेंगे, बल्कि शेष टीम की अंगुलियां वाद्ययंत्रों पर थिरकती नजर आएंगी। लगभग दो घंटे की प्रैक्टिस रोजाना की जा रही है।
सूफी संगीत से अंदाज बदलने के लिए पहाड़ी व भक्तिरस के गीतों पर भी तवज्जो दी गई है। भाषा एवं संस्कृति विभाग व कारागार एवं सुधारक सेवा निदेशालय के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित संगीत संध्या शाम साढ़े 6 बजे शुरू होगी। सनद रहे कि नेलसन मंडेला दिवस को कैदियों के कल्याण के दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसे कारागारों-कारागार सुधारों पर केंद्रित किया जाता है।
सैंट्रल जेल के सहायक जेल अधीक्षक विकास भटनागर ने बताया कि डिग्री कॉलेज के म्यूजिक प्रवक्ता डॉ. तोमर ने बंदियों को संगीत में प्रशिक्षित किया। उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को हरेक जेल में भी कार्यक्रम आयोजित होंगे।