नाहन (एमबीएम न्यूज): आखिर वक्त आ गया है, जब सिरमौरी बेटा सुनील शर्मा देश की राजधानी दिल्ली से मायानगरी मुंबई तक दौड़ेगा।द ग्रेट इंडिया रन की यह ऐतिहासिक दौड़ रविवार को शुरू होगी। मुकाबले में 15 नामी एथलीट उतरेंगे। 17 जुलाई से 6 अगस्त तक धावकों को 1460 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने का लक्ष्य दिया गया है। हिमाचल के साथ-साथ सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ से सुनील अकेले धावक हैं।
अल्ट्रा मैराथन में सुनील को लंबी महारत हासिल हो चुकी है। 1460 किलोमीटर की इस दौड़ को पूरा करने के लिए सुनील ने काफी पसीना बहाया है। खुद को हर वातावरण के अनुसार ढाला है। गर्मी पड़े, चाहे बारिश हो। हिमाचली बेटा हर परिस्थिति में दौडऩे के लिए तैयार है। संगड़ाह उपमंडल की माईना पंचायत में जन्मे सुनील को इस दौड़ में नामी धावक अरुण भारद्वाज से चुनौती भी मिलेगी। साथ ही प्रेरणास्त्रोत भी बनेंगे।
अरुण को भी अल्ट्रा मेराथन में अंतरराष्ट्रीय स्तर की महारत हासिल है। इस दौड़ को प्रमोट करने के लिए कई सैलीब्रिटी भी शामिल हो रहे हैं। बुधवार को सुनील इस दौड़ में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली रवाना हुए हैं। इस दौड़ को शुरू होने में एक दिन, 17 घंटे बचे हैं।
इस इवेंट से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए इस लिंक पर भी क्लिक किया जा सकता है। http://thegreatindiarun.com/