ऊना (एमबीएम न्यूज) : अपने इलाज के लिए पैसे की कमी से जूझ रहे भारतीय हॉकी टीम के पूर्व स्टार खिलाड़ी रहे मोहम्मद शाहिद की मदद को ऊना के एक पूर्व हॉकी खिलाड़ी ने जज्बा दिखाते हुए ऊना में नौ घंटे तक लोगों के बूट पॉलिश का धन जुटाया। इसके साथ ही ऊना निवासी अश्वनी कुमार ने अन्य लोगों को भी भारतीय हॉकी के लिए उम्दा योगदान देने वाले मोहम्मद शाहिद की मदद में आगे आने का संदेश दिया।
मोहम्मद शाहिद पिछले कुछ समय से बीमारी के चलते गुडग़ांव के एक अस्पताल में उपचाराधीन हैं। उनके अपना इलाज करवाने के लिए पैसे की कमी से भी जूझना पड़ रहा है। शाहिद की मदद का बीड़ा उठाने वाले अश्वनी बचपन से हॉकी खेल के प्रति समर्पित रहे हैं। शाहिद को उपचार में आड़े आ रही आर्थिक तंगी का पता चलते ही उन्होंने मेहनत से इस खिलाड़ी की मदद करने का फैसला किया।
अश्वनी ने रविवार ऊना बस स्टैंड में बेट पॉलिश को ब्रश लेकर डेरा जमा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों के बूट पॉलिश कर धन जुटाया। सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक बस स्टैंड में लगातार 9 घंटे तक यात्रियों के बूट पॉलिश करते हुए अश्वनी ने शाहीद की मदद के लिए करीब 950 रुपये जुटाए।
अश्वनी रविवार सुबह जब बस स्टैंड में बैनर और दरी लगाकर बैठे, तो यात्रियों में समेत अन्य लोगों में उनके बैठने की बजह जानने की उत्सुकता रही। बैनर पढ़ते ही लोगों को सारा माजरा समझ आ गया। जिस पर कई यात्रियों ने स्वेच्छा अश्वनी को धन दिया और अश्वनी ने उनके बूट पॉलिश किए। अश्वनी ने बताया कि यात्रियों ने स्टार हॉकी खिलाड़ी के लिए काफी मदद की है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा ऊना जनहित मोर्चा ने भी 250 रुपये दिए हैं।
अश्वनी ने कहा कि जल्द ही 2 से 3 हजार रुपए जुटाकर किसी न किसी माध्यम से मोहम्मद शाहिद के परिजनों को गुडग़ांव अस्पताल में भेजे जाएंगा। वहीं अश्वनी की यह मुहिम शहर भर में चर्चा का केंद्र बनी रही। लोगों ने मुक्त कंठ से इस पूर्व खिलाड़ी के प्रयासों को सराहा।