नाहन (एमबीएम न्यूज): हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को अपने हनुमान जीआर मुसाफिर के विधानसभा चुनाव हारने की टीस अब भी है। यह बात राजगढ़ कॉलेज के लोकापर्ण के बाद जनसभा में सामने आई। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जानें क्यों, मतदाताओं ने विधानसभा चुनाव में गंगूराम मुसाफिर को हरा दिया। सीएम ने कहा कि क्षेत्र के विकास को लेकर मुसाफिर काफी चिंतित रहते हैं। बार-बार उनके पास आते हैं।
जनसभा में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कोई खास राजनीतिक बात नहीं की। अलबत्ता राजगढ़ में मिनी सचिवालय की घोषणा के साथ-साथ डिग्री कॉलेज में विज्ञान संकाय की कक्षाएं शुरू करने का ऐलान जरूर किया। सनद रहे कि शुक्रवार को शिलाई की जनसभा में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी जमकर हमले बोले थे। संभवत: राजगढ़ में सब कुछ है। लिहाजा शिलाई में दर्जनों घोषणाओं की तुलना में दो ही घोषणाएं हुई।