दिल्ली (एमबीएम न्यूज): वसंत विहार इलाके में 23 वर्षीय हिमाचली बेटी से चलती कार में गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अंग्रेजी दैनिक द हिन्दुस्तान टाइम्स के मुताबिक गैंगरेप को अंजाम देने के बाद कंचन (परिवर्तित नाम) को पूर्वी मार्ग पर फेंक दिया गया। हिन्दुस्तान टाइम्स ने पुलिस के हवाले से बताया है कि कंचन रात को पीवीआर प्रिया से मूवी देखकर लौट रही थी।
कंचन की सहेली ने बताया कि मंगलवार सुबह तीन-सवा तीन के आसपास मूनिरिका की तरफ लौट रही थी। दोनों जब पीवीआर कॉम्पलैक्स से बाहर निकली, उसी वक्त तीन युवकों ने कंचन को अपनी गाड़ी में खींच लिया। आरोपियों ने चलती गाड़ी में कंचन से दुष्कर्म किया। सहेली ने ही पुलिस को इत्तला दी। गाड़ी का नंबर कंचन की सहेली ने नोट किया था। फौरन ही हरकत में आई पुलिस ने बुधवार सुबह तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अंग्रेजी दैनिक के मुताबिक कंचन को बुधवार सुबह बरामद किया गया। कंचन का मेडीकल करवा लिया गया है। राजधानी में कंचन निजी कंपनी में नौकरी करती है। दुष्कर्म की पीडि़ता हिमाचल के ऊना जिला की रहने वाली है।