शिमला (एमबीएम न्यूज़) : विधायक सतपाल सिंह सत्ती एक बार फिर हिमाचल भाजपा की कमान संभाल सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक सत्ती को तीसरी पारी देने पर पार्टी में सहमति बन गई है और कल शिमला स्थित पार्टी कार्यालय में इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। माना जा रहा है कि सतपाल सिंह सत्ती के निर्विवाद कार्यकाल के चलते आलाकमान ने उनके नाम पर सहमति जताई है।
पार्टी के उच्चस्थ सूत्रों का कहना है, इस मुद्दे पर पार्टी में आम सहमति है और सर्वसम्मति से सतपाल सिंह सत्ती के नाम पर मुहर लगाई जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व शांता कुमार सहित केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी सतपाल सत्ती के नाम पर एकमत हैं। सूत्रों ने बताया कि पिछले दिनों पार्टी आलाकमान की भाजपा के वरिष्ठ नेताओं प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार और जेपी नड्डा के साथ बैठक हुई थी, जिसमें इन तीनों ने अध्यक्ष के लिए सत्ती के नाम को आगे किया।
अब छह जनवरी को इस बाबत औपचारिक एलान किया जा सकता है। सामान्यतः भाजपा के अध्यक्ष का कार्यकाल तीन साल का होता है। सतपाल सत्ती वर्ष 2011 में प्रदेश अध्यक्ष बने थे। इस बीच प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के पर्यवेक्षक गणेशी लाल, धूमल और नड्डा आज शाम पार्टी मुख्यालय दीपकमल में पहुंच रहे हैं, और कल यहां प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा होनी है। धूमल व पार्टी के लगभग 80 पदाधिकारी भाजपा कार्यालय में जुटेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार निजी प्रवास के चलते चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे। शांता कुमार आजकल परिवार सहित अंडेमान निकोबार गए हैं और इस कारण उन्होंने चुनाव कार्यक्रम में सम्मिलत होने में असमर्थता जताई है। गौरतलब है कि इस बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के लिए काफी खींचतान चल रही थी। आधा दर्जन नेता अध्यक्ष की दौड़ में चल रहे थे। पार्टी आलाकमान ने एक व्यक्ति एक पद का फार्मुला तय किया है। जिसके तहत भाजपा अध्यक्ष बनने वाला व्यक्ति आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ पाएगा।
माना जा रहा है कि इस फार्मूले के तहत अध्यक्ष की दौड़ में चल रहे कई बड़े नाम दौड़ से बाहर हो गए। यह दिलचस्प है कि वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव नए भाजपा अध्यक्ष के नेतृत्व में होने हैं। लिहाजा टिकट वितरण में अध्यक्ष की भूमिका अहम रहेगी। इस कारण धूमल, शांता व नड्डा अपनी पसंद के नेता को अध्यक्ष की कुर्सी पर बिठाना चाह रहे थे।