एमबीएम न्यूज (शिमला): बिशकॉपटन स्कूल शिमला में आयोजित मुख्यमंत्री इलेवन व बोर्ड अध्यक्ष इलेवन के बीच आयोजित टी-20 क्रिकेट मैच का शुभारंभ राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किया। मुख्यमंत्र इलेवन टीम की अगुवाई शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा व बोर्ड अध्यक्ष इलेवन में कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष सुभाष मंगलेट टीम की अगुवाई कर रहे हैं।
इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि अच्छी दिनचर्या, स्वस्थ खानपान और खेल-कूद मनुष्य को रोगमुक्त करते है, जो सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मन और शरीर दोनों को निरोग रखने के लिए योग, खेल और स्वस्थ मनोरंजन करें, तभी जीवन में उल्लास पैदा होगा। इस मैच का आयोजन हिमाचल प्रदेश खेल, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संघ द्वारा किया गया। जिसका उद्देश्य ‘शांति एवं एकता के लिए क्रिकेट’ था।
आचार्य देवव्रत ने हिमाचल प्रदेश खेल, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संघ को इस तरह के खेल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल खिलाड़ियों को शारीरिक तौर पर मजबूती प्रदान करते हैं बल्कि इससे मैत्रीभाव भी स्थापित होता है। उन्होंने गत पांच वर्षों से खेल आयोजन के लिए संघ को बधाई दी।
हिमाचल प्रदेश खेल, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संघ के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने इस अवसर पर राज्यपाल का स्वागत किया। इसके पश्चात विक्रमादित्य सिंह ने राज्यपाल को सम्मानित किया और दोनों टीमों के सदस्यों का परिचय करवाया। राज्यपाल ने टॉस किया और बोर्ड अध्यक्ष ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्र रक्षण का निर्णय लिया।