एमबीएम न्यूज/कांगड़ा
बेशक ही आपने पहले भी सोशल मीडिया में गरीबी से जुड़ी ऐसी खबरें पढ़ी होंगी, जिनमें खुलासा किया होगा कि सरकार की योजनाएं धरातल पर नहीं हैं। यहां हिमाचल के शाहपुर हलके के मंदबुद्धि कर्म सिंह पुत्र स्व. धन्ना राम के जीवन की व्यथा सुनकर आपको गुस्सा भी आ सकता है, साथ ही आंखें नम भी हो जाएंगी। समाज से जुड़े उन लोगों का शुक्रिया भी करना होगा, जो लोग ऐसे गरीबों की बात को उठाने का प्रयास कर रहे हैं।
परगोड के रहने वाले करीब 45 साल के कर्म सिंह का हंसता-खेलता परिवार था। मां गुजर गई तो पिता ने बेटे की शादी करवा दी। किस्मत की मार ऐसी पड़ी कि पत्नी छोड़कर खुद तो गई ही, साथ ही बेटे को भी ले गई। इसी बीच पिता के देहांत के बाद कर्म सिंह अकेला ही जिंदगी बसर करने लगा। घरों में काम करने की एवज में लोग उसे खाना खिला देते हैं। पंचायत के कुछ जागरूक लोगों ने कर्म सिंह को सरकारी इम्दाद दिलवाने का बीड़ा उठाया है।
मकान पर छत नहीं है। एक कोने में कर्म सिंह जीवन यापन कर रहा है। अगर मूसलाधार बारिश होती है तो कर्म सिंह अपने घर के मलबे में ही दब सकता है। अहम बात यह है कि इसी हलके से विधायक सरवीन चौधरी इस समय काबिना मंत्री भी हैं। कर्म सिंह की मदद के लिए मोबाइल नंबर 94591-44784 व 82194-28659 भी उपलब्ध है।
स्थानीय निवासी कैप्टन वरयाम सिंह, लियो क्लब प्रधान केवल कृष्ण धीमान व सागर सिंह इत्यादि ने सरकार से तुरंत ही कर्म सिंह की मदद करने का आग्रह किया है। पंचायत प्रधान के मीडिया में बयान के मुताबिक परिवार को पहले एक बार मकान के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई जा चुकी है। दोबारा फिर से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने की कोशिश की जा रही है।