मंडी (एमबीएम न्यूज) : हिमाचल के मंडी जिला के धर्मपुर में बीती रात बारिश ने कहर बरपाया है। इसी क्षेत्र के सकरानधार में ल्हासा गिरने से एक व्यक्ति की पुष्टि हुई है, जबकि दो लापता बताए जा रहे हैं। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि तलहेड गांव में भी बारिश ने कहर बरपाया है। प्रशासन ने फिलहाल एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि शव बरामदगी के बाद की है।
सोन खड्ड में बादल फटने के बाद जलस्तर में अचानक ही इजाफा हो गया। इसके बाद धर्मपुर बस स्टैंड पूरी तरह से पानी की चपेट में आया। इसमें अब तक एक छोटे वाहन के बहने की खबर है। यह भी बताया जा रहा है कि बस स्टैंड की दूसरी मंजिल में कई लोगों को अपनी जान बचाने के लिए शरण लेनी पड़ी। बस स्टैंड के अलावा कई दुकानों में भी पानी घुसने की खबर है।
धर्मपुर के विधायक व पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर बीती रात से ही घटनास्थल पर पहुंचे हुए हैं। उधर एडीएम विवेक चंदेल ने बताया कि अब तक एक शव बरामद हुआ है, जबकि दो व्यक्ति लापता है। उन्होंने कहा कि पूरा प्रशासन बचाव कार्य में लगा हुआ है। बचाव कार्य पूरा होने के बाद ही नुकसान का आकलन संभव हो पाएगा।