एमबीएम न्यूज़/शिमला
नए साल में हिमाचल कांग्रेस में बड़ा फेरबदल हुआ है। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू को हटा दिया हैं। अब एआईसीसी के सचिव कुलदीप सिंह राठौर उनकी जगह लेंगे। सुक्खू बीते छह साल से पीसीसी चीफ बने हुए थे। लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारियों को लेकर दिल्ली में गुरूवार को हुई कांग्रेस की अहम बैठक में यह फैसला हुआ। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों व प्रभारियों ने हिस्सा लिया।
कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक सुक्खू को बदलकर कुलदीप सिंह राठौर को प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बना दिया गया है और अब इसे लेकर अधिसूचना जारी की जाएगी। कुलदीप सिंह राठौर को संगठन का लंबा अनुभव है। वह प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता भी रह चुके हैं। उन्हें पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा का करीबी माना जाता है। राठौर एनएसयूआई और प्रदेश युवा कांग्रेस में भी अहम पदों पर रह चुके हैं।
सनद रहे कि सुक्खू को साल 2013 में वीरभद्र सिंह की जगह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया था। सुक्खू का पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह से छतीस का आंकड़ा रहा है। वीरभद्र सिंह उनको हटाने की कई बार वकालत कर चुके हैं। तीन माह पहले भी सुक्खू की जगह राठौर को पीसीसी चीफ बनाए जाने की अटकलें तेज हुई थीं, लेकिन तब कांग्रेस के आला नेताओं की तरफ से कहा गया था कि सुक्खू के नेतृत्व में ही आगामी लोस चुनाव लड़ा जाएगा। अब एकाएक उन्हें बदलने से कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता हैरत में पड़ गए हैं।
उधर कांग्रेस ने पंजाब के 12 जिलों के अध्यक्षों को भी बदला है। साथ ही नागालैंड व छत्तीसगढ़ में भी बदलाव किए गए हैं।
Latest
- सिरमौर : बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाता को मिलेंगी घर से ही वोट डालने की सुविधा
- नादौन में आटा मील से 20 क्विंटल गेहूं चोरी, एक माह में गेहूं चोरी की तीसरी घटना
- मृतका मीनाक्षी के परिजन ने SP मंडी से लगाई न्याय की गुहार, त्वरित कार्रवाई की उठाई मांग
- HPBOSE : 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित, टॉप-10 में बेटियों का डंका
- हिमाचल के कई हिस्सों में बारिश व बर्फबारी, दिसंबर की तरह लौटी शीतलहर ठंड