नाहन (शैलेंद्र कालरा) : सुनने में यह बात बेहद अविश्वसनीय लगेगी कि ब्रिटेन से हिमाचल के सिरमौर जिला मुख्यालय का सफर एसयूवी कार में किया जा सकता है। मगर इसका जवाब ‘हां’ में है क्योंकि लंदन में बतौर सर्जन प्रैक्टिस कर रहे सुनील सैनी अपने छोटे भाई राजेश सैनी के साथ 14 जून को यूरोप के लंदन से एशिया महाद्वीप के लिए अपना सफर शुरू कर चुके हैं।
हिमाचल में पीएमटी-1997 की मैरिट सूची में दूसरे स्थान पर रहे सुनील करीब 12 सालों से लंदन में ही प्रैक्टिस कर रहे हैं। बेहद रोमांचपूर्ण व जोखिम से भरे सफर में भाईयों का साथ टोयोटा की लैंड क्रूजर दे रही है। लंदन से चला यह कारवां नाहन में 12 से 15 अगस्त के बीच पहुंचेगा। इस वक्त यह अनोखा सफर ईरान तक पूरा किया जा चुका है।
फेसबुक के मैसेंजर में एमबीएम न्यूज नेटवर्क से बातचीत में सुनील सैनी ने कहा है कि 11 देशों का सफर पूरा हो चुका है। इसके बाद 10 देशों में सफर पूरा करने के बाद इंडिया में एंट्री होगी। पहली योजना थी कि नेपाल होकर इंडिया में प्रवेश किया जाए। लेकिन नेपाल में भूकंप की तबाही के कारण कार्यक्रम बदलना पड़ा है।
सुनील सैनी अपने बड़े भाई संजीव व छोटे भाई राजेश के साथ।
अब म्यांमार से उत्तर-पूर्वी क्षेत्र से भारत में प्रवेश होगा। लंदन से शुरू हुआ यह अनोखा रोमांचपूर्ण सफर सीधे नाहन की तरफ बढ़ेगा। इसके बाद मुंबई का सफर भी सडक़ मार्ग से ही होगा। मुंबई से गाड़ी को वापिस समुद्री मार्ग से भेजने की योजना है। इस सफर में राजेश सैनी अपने भाई का साथ दे रहे हैं। राजेश भी मेधावी छात्र रहे हैं। 1998 में जमा दो की परीक्षा में राजेश ने भी बोर्ड की मैरिट में पहला स्थान अर्जित किया था। राजेश भी लंदन में बतौर डॉक्टर प्रैक्टिस कर रहे हैं।
मानसरोवर भी जाएंगे भाई
सडक़ मार्ग से लंदन से नाहन की अपनी यात्रा के दौरान सुनील व राजेश का कैलाश पर्वत पर भी जाने का कार्यक्रम है। अन्यथा यह अनोखा सफर कम समय में भी पूरा किया जा सकता था। परिवार में सुनील व राजेश के बड़े भाई संजीव सैनी के मुताबिक परिवार समेत दोस्तों व रिश्तेदारों में इस अनूठी यात्रा को लेकर बेहद उत्साह है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा रक्षाबंधन के आसपास पूरी हो जाएगी। परिवार में पिता जसवीर सैनी के अलावा मां रोशनी सैनी को अपने बेटों की इस अनोखी यात्रा पर गर्व महसूस हो रहा है क्योंकि इस तरह की यात्रा न केवल असंभव है बल्कि एक सपना सा लगती है।
11 देशों की जर्नी हो चुकी है पूरी
ईराक में खोश अमादीद की तस्वीर
14 जून को लंदन से शुरू हुए इस सफर में भाईयों ने फ्रांस, जर्मनी, इटली, हंगरी, बुलगेरिया, इस्तकबुल, ईरान, ग्रीस, तेहरान, जोर्जिया, टर्की का सफर पूरा कर लिया है। अपने पूरे सफर की यादों को दोनों भाई अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं। बाकायदा तस्वीरों को फेसबुक पेज ‘द लांग ड्राइव होम’ पर अपलोड किया जा रहा है।
इस अनोखे सफर का क्या है मकसद, यह जानने के लिए कल शाम देखें ‘द लांग ड्राइव होम’ पार्ट-2