ऊना (एमबीएम न्यूज) : ऊना का इंदिरा गांधी स्टेडियम आज प्रदेश सरकार का अढ़ाई वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के मौके पर आयोजित ऐतिहासिक एवं भव्य रैली का गवाह बना। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव अंबिका सोनी, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह, प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्य इस अवसर पर मौजूद रहे।
40 डिग्री से अधिक पारा चढ़ने के बावजूद हजारों की संख्या में लोगों ने भरपूर जोश के साथ रैली में भाग लेकर मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार में अपने गहरे विश्वास का प्रमाण दिया। अंबिका सोनी के साथ मुख्यमंत्री खुली जीप में सभा स्थल पर पहुंचे। उनके साथ भारी संख्या में लोग और स्वर लहरियों के बीच झूमते-गाते विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दल भी शामिल थे।
सोनी ने इस अवसर पर भव्य रैली के आयोजन पर बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ लोगों का अथाह विश्वास और अपार स्नेह है।
भाजपा शासित राज्य सरकारों पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे ललित मोदी का बचाव कर रही हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का ज़िक्र करते हुए कहा कि फर्जी डिग्री के मामले में विवादों में आने के बाद उन्हें अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें स्वयं त्याग पत्र दे देना चाहिए अन्यथा प्रधानमंत्री उन्हें पद से हटा दें।
एनडीए सरकार को किसान विरोधी करार देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भू-अधिग्रहण बिल का विरोध करती है और इसके खिलाफ देश भर में लंबी लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस मुद्दे पर देश के लोगों तक पहुंचने और समस्या के समाधान के लिए ‘जमीन वापसी’ वैबसाइट आरंभ की है।
सोनी ने कहा कि एनडीए ने आम चुनाव से पहले ‘वन रैंक, वन पैंशन’ के मुद्दे पर लुभावना वायदा किया लेकिन बाद में अपनी बात से पलट गई। कांग्रेस महासचिव राहलु गांधी ने इस मामले में पुरजोर तरीके से आवाज उठाई है और कांग्रेस पार्टी केंद्र पर दबाव बनाएगी कि पूर्व सैनिकों के हित में इसे लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने एलपीजी पर सब्सीडी को कम किया है और शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में अनेक योजनाओं के अंतर्गत मिल रही सब्सीडी को खत्म करने का भी प्रस्ताव रखा है, जिसका असर आदमी पर पड़ेगा।
वीरभद्र सिंह ने इस अवसर पर कहा कि इस रैली को वर्ष के आरंभ में आयोजित करने का प्रस्ताव था लेकिन किन्हीं कारणों से उस समय रैली आयोजित नहीं की जा सकी। रैली को लेकर विपक्ष द्वारा की जा रही टिप्पणियों पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष का शोर-शराबा अनावश्यक और सोच से परे है। उन्होंने हैरानी व्यक्त की विपक्ष के नेता हमेशा आलोचना और दूसरों पर कीचड़ उछालने का काम करते हैं।
रैली में शामिल होने पर उन्होंने अंबिका सोनी का आभार व्यक्त किया।
प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष सुखविन्दर सिंह ठाकुर एवं सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स ने भी जनसभा को सम्बोधित किया।
अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सचिव राजा राम पाल, ऊर्जा मंत्री सुजान सिंह पठानिया, वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. (कर्नल) धनी राम शांडिल, ग्रामीण विकास मंत्री अनिल शर्मा, प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह, मुख्य संसदीय सचिव, विधायकगण व विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों जिला प्रशासन के अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।