शिमला (एमबीएम न्यूज): 27 दिसंबर 2017 की सुबह 11 बजकर 31 मिनट पर जयराम ठाकुर सूबे के 13वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। 11:28 बजे राज्यपाल आचार्य देवव्रत द्वारा मुख्यमंत्री के पद पर जयराम ठाकुर को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। करीब 3-4 मिनट तक शपथ चली।
अहम बात यह है कि प्रदेश के जयराम ठाकुर पहले ऐसे मुख्यमंत्री बने हैं, जिन्होंने देश के प्रधानमंत्री की मौजूदगी में शपथ ग्रहण की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच पर पहुंचते ही शपथ ग्रहण समारोह की शुरूआत हुई। करीब 11:40 बजे शिमला के विधायक सुरेश भारद्वाज व गोविंद सिंह ने शपथ के दौरान सबका ध्यान अपनी और आकर्षित कर लिया, क्योंकि उन्होंने संस्कृत में शपथ ग्रहण की।
मंत्रिमंडल में अब तक महेंद्र सिंह ठाकुर, कृष्ण कपूर, सुरेश भारद्वाज, अनिल शर्मा, सरवीन चौधरी, डॉ. राम लाल मार्कण्डेय, विपिन सिंह परमार, वीरेंद्र कंवर, विक्रम सिंह, गोविंद सिंह व राजीव सहजल ने शपथ ली। ऐसी जानकारी भी आ रही है कि पहले मंत्रिमंडल में 10 सदस्यों को शामिल करने की योजना थी, लेकिन अंतिम समय पर धर्मशाला के विधायक किशन कपूर को भी मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया गया। लिहाजा अब मंत्रियों की संख्या 11 हो गई है।
शपथ ग्रहण समारोह तकरीबन 25 से 30 मिनट के बीच ही चला।