शिमला (एमबीएम न्यूज): चुनावी बेला में राजनीतिक खबरों की तस्दीक करना टेढ़ी खीर रहता है। बावजूद इसके पुख्ता सूत्रों पर विश्वास किया जा सकता है। अब ताजा चर्चा यह है कि पूर्व सीएम धूमल के आंसुओं की कीमत पार्टी आलाकमान ने बखूबी समझ ली है। लिहाजा, धूमल को ही पार्टी मुख्यमंत्री के पद पर प्रोजैक्ट कर सकती है।
चंद रोज पहले सुजानपुर के रोड शो में धूमल की आंखें नम हो गई थी। सोशल मीडिया में धूमल के आंसुओं से जुड़ी खबरें जमकर वायरल हुई। संभवत: इसी के बूते पार्टी ने यह भी समझ लिया कि इस तरह की तस्वीरें वायरल होने से चुनाव में पार्टी को बड़ा नुक्सान हो सकता है। टिकटों के आबंटन में भी धूमल की बात को सुनना पड़ा।
राष्ट्रीय अंग्रेजी दैनिक हिन्दुस्तान टाइम्स में दिल्ली से प्रकाशित एक खबर के मुताबिक मुख्यमंत्री के तौर पर बीजेपी ने धूमल को प्रोजैक्ट करने का फैसला लिया है। 73 साल के हो चुके धूमल को जल्द ही पार्टी प्रोजैक्ट कर देगी।
यह भी संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में ही धूमल को प्रोजैक्ट किया जाए। संभव है कि पार्टी के भीतर इस बात की डील भी हो गई होगी कि 75 साल की उम्र पूरी करने पर खुद धूमल पद छोड़ देंगे, क्योंकि इसी फार्मूले को भाजपा ने अन्य राज्यों में भी लागू किया है। मुख्यमंत्री पद के लिए आरएसएस नेता अजय जम्वाल की भी चर्चा हो रही थी। बहरहाल चंद दिनों में ही यह साफ हो जाएगा कि बीजेपी धूमल को प्रोजैक्ट कर रही है या नहीं।