मंडी (वी कुमार): कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का दौरा सीएम वीरभद्र सिंह को संजीवनी प्रदान कर गया। राहुल गांधी ने मंच से अपने संबोधन में स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से सीएम वीरभद्र सिंह के साथ खड़ी है और वीरभद्र सिंह की हिमाचल प्रदेश में पार्टी की तरफ से सीएम का चेहरा होंगे। राहुल गांधी शनिवार को मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में राज्य सरकार की तरफ से आयोजित विकास से विजय की ओर रैली को संबोधित करते हुए बोल रहे थे।
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की उपलब्धियों का बखान किया तो पंडाल में बैठे लोगों ने राजा साहब जिंदाबाद के नारे लगा दिए। इसपर राहुल ने बोलते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह राजा नहीं बल्कि फकीर है और दिल से विकास कार्य करवाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ है और वह सिर्फ छठी बार के ही नहीं बल्कि सातवीं बार भी मुख्यमंत्री बनेंगे। संबोधन के बाद जब राहुल गांधी मंच पर आए तो वीरभद्र सिंह ने उनका हाथ मिलाकर आभार भी जताया।
वहीं राहुल गांधी को पंडाल में बैठी जनता की तपीश भी नजर आई। मंच पूरी तरह से छांव में था और पंडाल के लोग चिलचिलाती धूप में। उन्होंने कहा कि अगली बार या तो मंच भी धूप में होना चाहिए या फिर पंडाल में भी छांव होनी चाहिए।
राहुल गांधी का मंडी दौरा कई मायनों में कांग्रेस पार्टी और सरकार के बेहतर रहा। लेकिन ज्यादा संजीवनी वीरभद्र सिंह को मिली जिनके नेतृत्व वाली सरकार की तारीफ तो हुई ही साथ ही उन्हें सीएम का अगला उम्मीदवार भी घोषित कर दिया गया।