-मनमुटाव की बजाए नेता करें वापिस सत्ता लाने की कोशिश
एमबीएम ब्यूरो । धर्मशाला
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश के नेताओं को आपसी मनमुटाव दूर करने की सलाह दी है। शाह ने कहा कि नेताओं को एक टीम की तरह कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी व्यक्तिगत तौर पर केंद्रित नहीं हो सकती। शाह ने कहा कि नेताओं को 2017 के विधानसभा चुनाव पर एकजुट होकर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
केंद्र में सत्तारूढ़ राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष शुक्रवार को बीजेपी की राज्य कार्य समिति की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2017 के विधानसभा चुनाव जीतने का संकल्प भी लिया। उन्होंने कहा कि पार्टी का 2014 का वर्ष स्वर्णिम रहा है। उन्होंने कहा यह समय पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि 30 साल के इतिहास में पार्टी को पहली बार देश में पूर्ण बहुमत दिया है।
उन्होंने कहा कि 1950 में 10 सदस्यों का जनसंघ आज बीजेपी के चेहरे में 10 करोड़ सदस्यों का कुनबा है। उन्होंने कहा कि इस लंबी यात्रा में पार्टी के कई नेताओं ने बलिदान दिया है। उन्होंने अपने संबोधन में श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी व एलके अडवानी का पार्टी में सहयोग की भी चर्चा की।
पार्टी के सदस्यता अभियान पर शाह ने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर इस अभियान से पार्टी के शुभचिंतको का पता चलेगा। उन्होंने कहा कि देश में पार्टी की सदस्यता 10 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतमाता को दोबारा विश्वगुरू का खिताब मिल जाएगा। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भूमि अधिग्रहण पर कांग्रेस की भूमिका की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि देष की जनता अभी तक कांग्रेस के घोटालों को भूली नहीं है। उन्होंने कहा मोदी सरकार हर आबंटन में पूरी पारदर्शिता बरत रही है।