शिलाई (एमबीएम न्यूज): प्रदेश भर में चल रही भाजपा परिवर्तन यात्रा के मद्देनजर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा सोमवार देर दोपहर शिलाई पहुंचे। यहां अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने वनरक्षक होशियार सिंह के मामले में राज्य सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि वनरक्षक की मौत को खुदकुशी से जोडऩा दुर्भाग्यपूर्ण है। नड्डा ने कहा कि वनमंत्री के अपने ही इलाके में वन माफिया सक्रिय है।
उद्योग महकमे के आलाधिकारी तिलक राज के मामले में टिप्पणी करते हुए नड्डा ने कहा कि अधिकारियों को भ्रष्टाचार की खुली छूट दी गई है, ताकि कोर्ट-कचहरियों में वकीलों के लिए धन का जुगाड़ किया जा सके। नड्डा ने कहा, आरटीओ के कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद होते हैं, जो इस बात को साबित करता है कि अंधेर नगरी-चौपट राजा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ज्वाइन करने का मतलब है, माफिया राज का लाईसेंस मिलना।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर केंद्र के साथ-साथ प्रदेश में भी भाजपा की सरकार हो तो विकास की रफ्तार में डबल इंजन लग जाएगा। नड्डा ने ट्रांसगिरि क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र घोषित करने का पूर्णतया समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही केंद्र सरकार इस पर बड़ा फैसला लेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के भ्रष्टाचार के मामलों ने देवभूमि को समूचे देश में शर्मसार किया है।
इस मौके पर उत्तराखंड के शिक्षामंत्री धन सिंह रावत, सांसद वीरेंद्र कश्यप, विधायक बलदेव तोमर, चंद्रमोहन ठाकुर, डा. डीजी ठाकुर व संगठन मंत्री पुरषोत्तम गुलेरिया आदि ने भी संबोधन किया।