हरिपुरधार (एमबीएम न्यूज): भाजपा की परिवर्तन यात्रा का आगाज रविवार को पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने किया। इस मौके पर अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि मैं जहां भी जाता हूं, वहां प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनती है। लिहाजा आने वाले विधानसभा चुनाव में भी हिमाचल में भाजपा 60 सीटें जीतने जा रही है।
उत्तराखंड के सीएम ने कहा, उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ सह प्रभारी के तौर पर काम करने का मौका मिला था, जिसके नतीजे सामने हैं। उन्होंने कहा कि एक मर्तबा झारखंड का प्रभारी बनने का मौका मिला तो भाजपा को सत्ता में आने से कोई भी ताकत नहीं रोक पाई। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भाजपा की सरकार बनने मेें कोई ताकत रूकावट नहीं पैदा कर सकती।
इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि शिमला नगर निगम के नतीजों ने इतिहास रच दिया है। 31 सालों के बाद भाजपा सत्ता पा रही है। धूमल ने कहा कि राज्य सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच चुका है। धूमल ने कहा कि जब भ्रष्टाचार चरम सीमा पर हो तो जनता को सडक़ों पर उतर जाना चाहिए।
इस मौके पर सांसद वीरेंद्र कश्यप, विधायक सुरेश कश्यप, विधायक बलदेव तोमर व पार्टी के वरिष्ठ नेता चंद्रमोहन ठाकुर इत्यादि भी मौजूद थे। हरिपुरधार से शुरू हुई भाजपा की परिवर्तन यात्रा आज रोहनाट से होते हुए चौपाल में रुकेगी। उत्तराखंड के सीएम हवाई मार्ग से करीब साढ़े 11 बजे हरिपुरधार पहुंचे थे। करीब दो घंटे रुकने के बाद वापस लौट गए।