रिकांगपिओ (जीता सिंह नेगी): सोमवार देर दोपहर होली मनाकर लौट रहे दो व्यक्तियों में से एक की मौत हो गई है, जबकि दूसरे की हालत नाजुक है। वांगतु के नजदीक कागस्थल पर हुए इस हादसे में कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि क्रैश बैरियर को तोड़ती हुई सतलुज में समा गई।
हालांकि आशंका यह भी है कि कार में दो से अधिक लोग सवार रहे होंगे। घायल इंजीनियर बेसुध है, लिहाजा स्थिति स्पष्ट नहीं है। अलबत्ता इतना जरूर पता चला है कि 1000 मैगावॉट की कड़छम परियोजना में कार्यरत इंजीनियर ईशान आचार्य की हालत गंभीर है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद शिमला रैफर किया गया है। एसेंट कार (एचपी26ए-8001) का मालिक अजेंद्र है, जो परियोजना में कार्यरत था।
संभावना जताई जा रही है कि कार को अजेंद्र ही चला रहा था। हादसा शाम 4 बजे के आसपास हुआ बताया जा रहा है। पुलिस की छानबीन में पता चला है कि होली मनाने के बाद कार सवार वापस लौट रहे थे। कार टापरी से वांगतू की तरफ जा रही थी। ईशान आचार्य के पत्थरों के बीच गिर जाने से जान बच गई है। जिस जगह पर कार गिरी है, वहां नदी में काफी बड़े-बड़े पत्थर हैं। गोताखोरों को बुलाया गया है। साथ ही जेएसडब्ल्यू के कर्मचारी भी कार चालक की तलाश कर रहे हैं।
एसपी रोहित मालपानी ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रारंभिक छानबीन में यही पता चला है कि कार बेहद तेज रफ्तार से चलाई जा रही थी। इसी कारण क्रैश बैरियर को तोड़ती हुई नदी में गिरी। उन्होंने कार सवारों के नशे में होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया है।