सोलन (एमबीएम न्यूज़): हिमाचल प्रदेश घूमने आए झारखंड के दो पर्यटकों की परवाणू के निकट सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई है। मृतकों में एक महिला व पुरूष पर्यटक शामिल है। जबकि टैक्सी टैक्सी में सवार चालक सहित पांच अन्य लोग घायल हुए हैं। यह दर्दनाक घटना मंगलवार की दोपहर बाद परवाणू-शिमला राष्ट्रीय उच्चमार्ग पर कोटी नामक स्थान पर घटित हुआ है। सभी घायलों को परवाणू अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की दोपहर बाद परवाणू- शिमला राष्ट्रीय उच्चमार्ग पर जाबली के निकट कोटी गांव में एक टैक्सी गहरी खाई में जा गिरी। इस वाहन दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि टैक्सी में सवार अन्य पांच लोग घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को खाई से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को उपचार के लिए परवाणू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें उपचार दिया जा रहा है। परंतु अस्पताल पहुंचने से पहले ही दो लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में 30 वर्षीय श्रवाणी चतुर्वेदी और 38 वर्षीय अभिषेक बनर्जी शामिल हैं। इनके अलावा सत्यम, शांतनु, मोनालिसा, मृत्युंजय व टैक्सी चालक शिमला निवासी तरुण सहलोत्रा घायल हुए हैं, जिनका परवाणू के अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि झारखंड से एक ही परिवार के सदस्य हिमाचल के प्रमुख पर्यटक स्थल शिमला व मनाली घूमने के लिए आए हुए थे। मंगलवार को उन्हें चंडीगढ़ से फ्लाईट पकड़ कर वापस लौटना था, लेकिन एयरपोर्ट से मात्र 25 किलोमीटर पहले ही उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
उधर पुलिस थाना परवाणू की थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मीनाक्षी भारद्वाज ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि झारखंड से पहुंचे उनके रिश्तेदारों को शव सौंप दिए गए हैं। घायलों को उपचार के लिए परवाणू अस्पताल में भर्ती किया गया है।