चंबा (एमबीएम न्यूज़): कांगड़ा से भरमौर की तरफ जा रही एक आल्टो कार भरमौर चौक जीरो प्वाइंट के समीप सड़क से नीचे लुढ़क कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा रविवार को दोपहर के समय हुआ। हादसे में चार लोगों को मामूली चोटें आई। जिन्हें मेडिकल कॉलेज चंबा में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी कर दी गई। बताया जा रहा है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ।
पुलिस हादसे के पीछे रहे कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। घायलों की पहचान जोगिंद्र पुत्र जोदू राम, जोदू राम, राकेश कुमार पुत्र मेहर चंद, कंचन देवी पत्नी जोदू राम सभी निवासी दुर्गठी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार सवार होकर सभी लोग कांगड़ा में शादी समारोह में शरीक होने गए थे। जहां से रविवार को वापिस लौटते समय बारगाह के समीप जीरो प्वाइंट के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय कार को जोगिंद्र चला रहा था।
पुलिस ने मौके पर जाकर घटना का जायजा लिया। साथ ही अस्पताल में सभी घायलों के ब्यान दर्ज किए। पुलिस हादसे के सही कारणों की तलाश कर रही है।एसपी चंबा वीरेंद्र तोमर ने बताया कि कार दुर्घटना में चार लोग घायल हुए हैं। जिन्हें मामूली चोट लगने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।