चंबा (एमबीएम न्यूज) : ग्राम पंचायत प्लयूर में एक व्यक्ति ने जमीनी विवाद के चलते महिला को डंडे से पीटकर लहूलुहान कर दिया। परिजन घायल को क्षेत्रीय अस्पताल ले आए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद महिला को दाखिल कर लिया गया है।
पुलिस को दिए बयान में घायल महिला सायरा बेगम (35) युसूफ गांव बनगेटी पंचायत प्यलूर ने बताया कि सुबह वह खेत में घास काटने गई थी, इसी दौरान गांव के ही एक व्यक्ति ने उस पर बिना कोई बात किए डंडे से हमला कर लहूलुहान कर दिया। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य घटनास्थल पर पहुंच गए तथा उसे छुड़ाया।
बताया जा रहा है कि अगर कुछ समय परिवार के सदस्य देरी से आते तो महिला की जान भी जा सकती थी। महिला के सिर पर काफी काफी चोटें आई हैं। इस कारण उसे क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में दाखिल कर लिया गया है। उधर, एसपी चंबा वीरेंद्र तोमर ने भी इसकी पुष्टि की हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर आरोपी नरेंद्र कुमार के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की गहनता के साथ छानबीन की जा रही है।