पांवटा साहिब (एमबीएम न्यूज) : बद्रीपुर निवासी एक महिला ने अपने ससुर पर पत्थरों से मारने व दहेज के लिए तंग करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने महिला का मेडिकल करवाकर सुसरालियों को थाने तलब किया है। मामले की जांच की जा रही है। बद्रीपुर में रहने वाली महिला बलजीत कौर शनिवार दोपहर को जख्मी होकर पांवटा पुलिस स्टेशन पहुंची। पुलिस से अपनी जान बचाने की गुहार लगाने लगी।
जख्मी महिला ने पुलिस को बताया कि उस पर उसके ससुर ने पत्थरों से वार कर उसे जख्मी किया है। पीडि़त महिला ने बताया कि उसके ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताडि़त करते है। महिला के अनुसार उसके ससुर सहित एक अन्य महिला ने उस पर पत्थरों से हमला कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। जिसके बाद शुक्रवार को भी पीडि़त को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में भर्ती करवाया गया था। मगर जब दूसरे दिन शनिवार को वो अस्पताल से घर कपड़े लेने गई तो उसके साथ मारपीट की गई।
बताया जा रहा है कि महिला ने अपने साथ हो रहे अत्याचारों की शिकायत पुलिस से इससे पहले भी की थी। मगर परिवार का मामला होने के कारण पहले पुलिस दोनों पक्षों के बीच बातचीत करवाकर समझाने का प्रयास कर रही थी। पुलिस की इस कथित लापरवाही के कारण शनिवार को महिला को पत्थरों से वार कर लहुलुहान कर दिया गया। फिलहाल पुलिस ने महिला का मेडिकल करवा लिया है। उसके ब्यान दर्ज करने के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उधर इस बारे थाना प्रभारी पांवटा साहिब अशोक चौहान ने बताया कि पीडि़त महिला का फस्र्ट एड करवाने के बाद उसके बयान लिए जा रहे है।