नालागढ़ (एमबीएम न्यूज): कस्बे में चेन स्नैचरों का आतंक दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। इस बार पुलिस के खुद महफूज न होने की बात सामने आई है। महिला कांस्टेबल से न केवल सोने की चेन छीन ली गई, बल्कि चाकू से हमला भी किया गया।
न्यू फेज-1 में शुक्रवार सुबह कांस्टेबल सुनीता अपने घर के बाहर टहल रही थी कि अचानक नालागढ़ की ओर से आए दो बाइक सवारों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। साथ ही उसके गले से चेन खींच कर फरार हो गए। इस हमले में महिला के हाथ पर चोटें आई हैं।
महिला कांस्टेबल नालागढ़ एसपी ऑफिस में तैनात है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही आसपास के क्षेत्र में धरपकड़ के उद्देश्य से नाकाबंदी कर दी गई। सनद रहे कि क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की पांचवी वारदात सामने आई है। इससे समूचे इलाके में दहशत भी बनी हुई है।