कुल्लू : जिला पुलिस को एक के बाद एक चरस माफिया को पकड़ने में सफलता हासिल हो रही है। इसी कड़ी में जिला के दूरदराज क्षेत्र अनुमंडल मुख्यालय से करीब 4 किलोमीटर दूर निगान के पास भी पुलिस ने दो चरस माफिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उक्त व्यक्ति के कब्जे से 4 किलो 36 ग्राम चरस बरामद की गई है। आनी पुलिस की एक टीम ने निगान के पास रविवार रात को नाका लगा रखा था।
इस दौरान पुलिस दल ने एक ट्रक की तलाशी ली तो उससे 4 किलो 36 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने ट्रक में सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान चेतराम छतरी के करशेई (बिहणी) और जगदेव आनी के टिपरी (ढैहर) के रूप में हुई हैं।
एसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।