शिलाई (एमबीएम न्यूज़): क्षेत्र में दो महिलाओं द्वारा एक महिला पर घास काटने के दौरान दराट व पत्थरों से हमला करे जाने का मामला सामने आया है। इस बाबत घायल महिला के देवर रणदीप सिंह पुत्र दईया राम ने थाना शिलाई में लिखित शिकायत भी दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रणदीप सिंह ने अपनी शिकायत में बताया है कि मामला बीते वीरवार की शाम का है जब सत्या देवी(28) पत्नी मित्र सिंह निवासी ग्राम क्यारी गुंडाह घास लेने के लिए अपने घर के पास जंगल में गई हुई थी। अचानक उसके पडोस में रहने वाली 2 महिलाए रीना पत्नी कुलदीप सिंह व विद्या देवी पत्नी लायक राम वहां पहुंच गईं।
पहले विद्या देवी बात करने के बहाने सत्या देवी के नज़दीक आई और उसके बाल पकड लिए और फिर उसके दोनों हाथ पकड़ लिए। उसके बाद रीना ने सत्या देवी पर घास काटने की दराट से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। सत्या देवी के बचाव व विरोध करने की स्थिति में दोनों महिलाओं ने उसपर पत्थरों से हमला कर दिया। किसी तरह घायल महिला अपने घर तक पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। जिसके बाद परिजनों द्वारा घायल महिला को 108 की मदद से शिलाई स्थित सरकारी अस्पताल में लाया गया।
बताया जा रहा है कि किसी पुराने विवाद के चलते दोनों महिलाओं ने अपनी पडोसी महिला को जंगल में अकेली घास काटती देख उस पर हमला बोल दिया। जिससे महिला के हाथों व बाजुओं पर दराट से गंभीर चोटें आ गई है तथा पत्थरों के वार से उसके सर व चेहरे पर काफी चोटें आ जाने से वह गम्भीर रूप से घायल हो गई है।
उधर इस मामले की पुष्टि करते हुए शिलाई थाना इंचार्ज एएसआई नरवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में शिकायत प्राप्त हुई है, मामले की जांच की जा रही है।