शिमला (एमबीएम न्यूज़) : जिले के रोहड़ू में एक कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा आज सुबह 9 बजे रोहड़ू-टिक्कर सड़क मार्ग पर कसैणी कैंची नामक स्थान में हुआ। कार में 5 लोग सवार थे।
हादसे में 42 वर्षीय हेमराज पुत्र रत्न चंद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि 82 वर्षीय जैकरू ने रोहड़ू अस्पताल में दम तोड़ा। हादसे में चालक समेत घायल 3 लोगों का रोहड़ू सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है और इनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही हैं। घायलों में संजीव शर्मा 43, राकेश कुमार 47 व नारायण जनार्था 70 शामिल हैं। ये सभी रोहडू के स्थानीय गांवों के निवासी हैं।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और हादसे को लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।