मंडी, 25 मार्च : वर्ष 2021 में प्रदेश में हुए उपचुनावों के दौरान मंडी संसदीय सीट से पहली बार चुनावी मौदान में उतरने का आगाज करने वाली राष्ट्रीय लोक नीति पार्टी ने अब 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। जिसके लिए पार्टी ने इन दिनों विशेष सदस्यता अभियान चलाया है, जिसमें 20 हजार के करीब कार्यकर्ता को जोड़ा जा चुका है। यह जानकारी वीरवार को मंडी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राष्ट्रीय लोक नीति पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक डीएन चौहान ने दी।
डीएन चौहान ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत के बाद हिमाचल की दो प्रमुख बीजेपी व कांग्रेस से रूष्ट नेताओं में आम आदमी पार्टी में जाने की होड़ लगी है। लेकिन राष्ट्रीय लोक नीति पार्टी उन्हीं लोगों को टिकट देगी जो पहले सांसद व विधायक न रहे हों।
इसके साथ ही पार्टी द्वारा उन्हीं नेताओं को चुनावी मैदान में उतारा जाएगा जो कम से कम पार्टी से 6 साल तक जुड़ने के लिए तैयार हैं। इसके लिए उनसे एफिडेविट भी लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक नीति पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में पूरी 68 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक नीति पार्टी प्रदेश में होने वाले विधानसभा के चुनावों में दूरदर्शी सोच व स्वच्छ छवि वाले उम्मीदवार मैदान में उतारेगी।
राष्ट्रीय संयोजक डीएन चौहान ने बताया कि इन दिनों पार्टी का सदस्यता अभियान जोरों पर चला हुआ है। सदस्यता अभियान के दौरान 20 हजार कार्यकर्ताओं को पार्टी के साथ जोड़ा जा चुका है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों से पूर्व पार्टी ने शिमला नगर निगम चुनाव लडने का भी निर्णय लिया है। जिसके लिए 26 मार्च को शिमला में पार्टी कार्यालय का शुभारंभ किया जाएगा।