कांगड़ा /आशीष शर्मा : बिलासपुर में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढाई कर रहे कांगड़ा जनपद के युवक द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आया है। कांगड़ा के सलेहड़ा गांव से संबंध रखने वाले युवक विवेक कुमार पुत्र हेमराज ने बिलासपुर के शाहतलाई में राजकीय बहुतकनीकी संस्थान कलोल में किराए के कमरे में फंदा लगा लिया। घटना मंगलवार की बताई जा रही है। जब विवेक कॉलेज नहीं आया तो दोस्त उससे मिलने रुम पहुंचे। आवाजें लगाने पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद दोस्तों ने पंचायत प्रधान राकेश कुमार को सूचित किया।
कमरे को खोला गया तो अंदर विवेक का शव पंखे से लटका हुआ पाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पंखे से उतारकर पोस्टमार्टम करवाया। साथ ही विवेक के परिजनों को भी सूचित किया। उधर मेधावी मृतक युवक की मौत की खबर से उसके पैतृक गांव में शोक की लहर है।
घुमारवीं के डीएसपी अनिल ठाकुर ने युवक द्वारा कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड करने की पुष्टि की है।