शिमला, 25 दिसम्बर : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सैलानियों की व्हाइट क्रिसमस मनाने की हसरत इस बार भी पूरी नहीं हो पाई है। क्रिसमस के मौके पर शनिवार को शिमला सहित राज्य के अन्य पर्यटन स्थलों में दिन भर धूप खिली रही और कहीं भी बर्फबारी नहीं हुई। हजारों पर्यटक बर्फबारी के बीच क्रिसमस की छुट्टियों का लुत्फ उठाने के लिए हजारों पर्यटकों ने शिमला का रुख किया था।
इस बार क्रिसमस के वीक एंड पर आने से शिमला शहर में पर्यटकों का भारी जमावड़ा था। पर्यटक वाहनों के भारी तादाद में शहर में दाखिल होने से यहां की मुख्य सड़कों पर दिन भर जाम लगा रहा।
पर्यटकों को इस बार क्रिसमस पर बर्फबारी होने की पूरी उम्मीद थी। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा था कि इस क्रिसमस पर बर्फबारी की संभावना है। लेकिन बर्फबारी नहीं होने से सैलानियों के चेहरे पर मायूसी रही। सैलानी अब नव वर्ष की पूर्व संध्या पर बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 26 से 28 दिसम्बर तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य में बारिश-बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि अगले 24 घंटों में मैदानी, निचले व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश व ओलावृष्टि की आशंका है और इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि 27 व 28 दिसम्बर को मैदानों में बारिश व पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार है। 29 दिसम्बर को मौेसम साफ हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि लाहौेल-स्पीति जिला का मुख्यालय केलांग राज्य में सबसे ठंड रहा, जहां न्यूनतम तापमान -7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा किन्नौर के कल्पा में -3.9 डिग्री, मनाली में -0.6 डिग्री, सुंदरनगर में 0.8 डिग्री, कुफरी में 1.6 डिग्री, शिमला में 2 डिग्री, भुंतर में 2.4 डिगी, धर्मशाला में 8.7 डिग्री, उना में 5.2 डिग्री, नाहन में 9.3 डिग्री, पालमपुर में 4 डिग्री, कांगड़ा में 5.3 डिग्री, मंडी में 3.2 डिग्री, बिलासपुर में 4 डिग्री, हमीरपुर में 4.2 डिग्री, चंबा में 3.6 डिग्री, डल्हौेजी में 2.8 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 5.3 डिग्री व पावंटा साहिब में 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।