शिमला, 20 दिसंबर : रोहड़ू उपमंडल में पब्बर नदी में सोमवार को एक महिला व बच्चे का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच पड़ताल कर रही है।
रोहड़ू पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोनों शव रोहड़ू में आईपीएच के मक्खीनाला पम्प हाउस से कुछ फासले पर पब्बर नदी में बरामद हुए हैं। मृतक महिला की शिनाख्त रोहटान जुब्बल निवासी (28) नितू पत्नी गुड्डू व छह वर्षीय कार्तिक पुत्र गुड्डू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुए हैं, क्योंकि नदी पर पानी का बहाव कम था और दोनों की डूबने से मौत नहीं हो सकती है। घटनास्थल पर पुलिस ने पाया कि मृतक महिला के मुंह से झाग निकला हुआ है। डीएसपी रोहड़ू चमन कुमार ने बताया कि पब्बर नदी में महिला व एक बच्चे का शव मिला है। मामले की सभी पहलुओं से जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।