शिमला, 20 दिसंबर: हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पर्यटन नगरी मनाली में सीजन का दूसरा हिमपात हो चुका है तो राजधानी में भी बर्फ के फोहे पड़ चुके हैं। इसी बीच लाहौल-स्पीति से ठंड से जुड़ी ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं, जो बेहद आकर्षक तो हैं ही, साथ ही घाटी में सर्दियों के दौरान बेहद कठिन जीवन का भी अहसास करवा रही हैं।
दरअसल, कड़ाके की ठंड के कारण घाटी में तापमान 15 से 20 डिग्री तक लुढ़क चुका है। प्राकृतिक जलस्त्रोत जम चुके हैं। पेयजल पाइपों की लीकेज के कारण पानी जम रहा है। हालांकि, सप्लाई पाइपें बाधित हो चुकी हैं, लेकिन जिन-जिन जगहों पर पाइपों की लीकेज के कारण पानी का फव्वारा फूटा, वहां ऐसी आकृतियां बन गई हैं। ये आकृतियां, टस से मस नहीं हो रही। इससे जुड़ी तस्वीरें जमकर वायरल भी हो रही हैं। आने वाले समय में सूबे में ठंड बढ़ने की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं।
ये उम्मीद भी की जा रही है कि इस साल व्हाइट क्रिसमस भी हो सकता है। सैलानी भी व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद में होटलों की बुकिंग शुरू कर चुके हैं। राज्य के मैदानी इलाकों में भी ठंड का प्रकोप जारी है। कई जगहों पर कोहरा भी तापमान में गिरावट दर्ज करवा रहा है। राज्य के कई शहरों में शुक्रवार रात के बाद से शनिवार रात तक कड़ाके की ठंड महसूस की गई। इन शहरों में तापमान 5 डिग्री तक लुढ़क गया था। मैदानी इलाकों में ड्राई ठंड और भी अधिक कहर बरपा रही है। सर्दियों की बारिश न के बराबर हुई है।
उधर, लाहौल-स्पीति में डीडी न्यूज के संवाददाता कुंदन शर्मा का कहना है कि जहां-जहां भी जलशक्ति विभाग की पेयजल सप्लाई की पाइपों में लीकेज हो रही है, वहां मनमोहक आकृतियां उभर रही हैं, लेकिन ठंड के कारण आम लोगों की दुश्वारियां भी बढ़ गई हैं।