मंडी, 4 दिसंबर : शहर के महामृत्युंजय चौक पर उस समय मजमा लग गया जब यहां दो महिलाएं आपस में भिड़ गई और एक-दूसरे के बाल नोचने लग गई। यहां से गुजर रहे लोग महिलाओं के बीच हो रही भिड़ंत को देखने के लिए इकट्ठा हो गए। हालांकि कुछ लोगों ने बीच बचाव करने की कोशिश भी की लेकिन महिलाएं नहीं मानी और एक-दूसरे के साथ गुत्थम गुत्था होती रही। इतने में वहां पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मी दोनों को सीटी चौकी ले गया। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने पर दोनों महिलाओं के चालान काटे और उन्हें हिदायत देकर छोड़ दिया। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि की है।
दोनों के बीच चल रहा है घरेलू विवाद….
यह दोनों महिलाएं मंडी जिला के बल्ह उपमंडल की रहने वाली बताई जा रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार दोनों के बीच घरेलू विवाद चला हुआ है और मामला कोर्ट तक जा पहुंचा है। आज इन दोनों की कोर्ट में पेशी थी। कोर्ट में पेशी भुगतने के बाद दोनों जब महामृत्युंजय चौक पर मिली तो फिर भिड़ंत हो गई।