नाहन (एमबीएम न्यूज): रोजाना महिलाओं के साथ बढ़ते बलात्कार के मामलों से समाज शर्मसार होता है। इसके लिए महिलाओं को आवाज बुलंद करने के अधिकार दिए गए हैं। वहीं जब महिलाएं ही अपने अधिकारों का दुरुपयोग कर पुलिस को गुमराह करे तो इसे क्या कहा जाएगा। ऐसा ही वीरवार को पुलिस के समक्ष आया, जब पिस्तोल की नोक पर बलात्कार की शिकायत दर्ज करवाने वाली महिला ने अपना बयान ही बदल दिया।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने कहा था कि औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में मंगलवार शाम जब वह फैक्टरी से अपने घर वापिस जा रही थी तो उसने एक बोलेरो में लिफ्ट ली थी। महिला ने पुलिस को बताया था कि बोलेरो के चालक ने पिस्तौल की नोक पर उसके साथ बलात्कार किया था। बुधवार व वीरवार को कालाअंब पुलिस मामले की छानबीन में लगी रही।
पुलिस को हैरान करने वाले साक्ष्य तब सामने आए, जब पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उक्त चालक ने उसके साथ बलात्कार नहीं किया था, जबकि उसने खुद पैसों के लालच में चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। अब पुलिस महिला की पहले दर्ज करवाई गई शिकायत पर कार्रवाई करे या छानबीन के बाद दिए गए बयान को असली मानें।
गौरतलब है कि बीते कल महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि जब मंगलवार शाम छुट्टी के बाद जब वह फैक्टरी से घर वापस जा रही थी तो उसने बोलेरो गाड़ी में लिफ्ट ली थी। चालक गाड़ी को मुख्य मार्ग से हटाकर सुकेती रोड पर ले गया था, जहां पिस्तौल की नोक पर उसके साथ बलात्कार किया।
उधर मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सौम्या सांबशिवन ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला ने पैसे के लालच में चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की बात को स्वीकार किया है।