ऊना, 11 नवंबर : जिला के गगरेट उपमंडल के तहत पंजाब से सटे थप्पलां गांव में आर्मी का एक मोर्टार (Mortar) मिलने से सनसनी फैल गई है। आरंभिक जांच (preliminary investigation) में पता चला है कि यह मोर्टार एक मिस फायर के चलते हिमाचल के इस गांव में पहुंच गया है।
फिलहाल पुलिस ने इसे कब्जे में लेकर जिला पुलिस के बम रोधी दस्ते की निगरानी में नो मैंस लैंड में रखा है। वहीं इस क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया गया है, ताकि कोई नागरिक इस क्षेत्र में न आए। शुक्रवार सुबह सेना की बम डिफ्यूज स्क्वायड (diffuse squad) को मौके पर बुलाया गया है। वही जिंदा मोर्टार मिलने से क्षेत्र में सनसनी का माहौल पैदा हो गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक गांव के जंगल क्षेत्र में किसी व्यक्ति को वीरवार दोपहर बाद यह जिंदा मोर्टार मिला। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति इस मोर्टार को लेकर थाना गगरेट पहुंच गया। जिसके चलते काफी अफरातफरी का माहौल भी रहा। हरकत में आई पुलिस विभाग ने फौरन इस मोर्टार को अपने बम रोधी दस्ते (anti bomb squad) के हवाले किया।
घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि गगरेट उपमंडल के थप्पलां गांव में जिंदा मोर्टार मिला है। उन्होंने बताया कि यह करीब 26 साल पुराना मार्क 81 एमएम आई एलएल 1/95 का ज़िंदा मोर्टार है। सेना के जवानों द्वारा समय-समय पर हिमाचल की सीमा के साथ पंजाब क्षेत्र में फायरिंग रेंज (firing range) बनाई जाती है। संभवत उसी फायर रेंज से कोई मिस फायर मोर्टार इस क्षेत्र में आकर गिरा है।
फिलहाल उसे वीरान जगह पर ले जाकर बम रोधी स्क्वायड की निगरानी में रखा गया है। जबकि इस पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। वहीं सेना को इसके बारे में सूचित कर दिया गया है। शुक्रवार सुबह सेना का बम डिफ्यूज स्क्वायड मौके पर पहुंचेगा और इस मोर्टार को डिफ्यूज किया जाएगा।