श्री रेणुका जी, 14 सितंबर: क्षेत्र के खालाक्यार में मंगलवार देर दोपहर युवा पति-पत्नी ने एक साथ ही जहर का सेवन कर लिया। ददाहू अस्पताल पहुंचने पर शाम 4 बजे के आसपास पुलिस को इसकी सूचना मिली। तुरंत ही मौके पर पहुंच कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि पति की उम्र 23 साल है, जबकि पत्नी 19 साल की बताई जा रही है। हालांकि जांच जारी है, लेकिन प्रारंभिक पड़ताल के मुताबिक दंपत्ति की शादी करीब पांच महीने पहले हुई थी। महिला गर्भवती भी बताई गई है।
ददाहू अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दंपत्ति को नाहन मेडिकल काॅलेज रैफर किया गया है। पुलिस इस सवाल का जवाब तलाशने में जुटी हुई है कि दोनों ने एक साथ जहर निगल लिया। शुरूआती जांच में ये भी पता चला है कि महिला अपने मायके पति के साथ आई हुई थी। यहीं पर जहर का सेवन किया। महिला का पति धारटीधार के थाना कसोगा का रहने वाला बताया गया है।
ऐसा खौफनाक कदम उठाने की वजह क्या है, ये बात पुलिस की जांच के बाद ही सामने आ सकती है। ये भी बताया जा रहा है कि महिला की हालत नाजुक है। अंतिम समाचार तक पुलिस मायका व ससुराल पक्ष के बयान दर्ज करने में जुटी हुई थी।
उधर एसपी ओमापति जमवाल ने पुष्टि करते हुए कहा कि आईओ द्वारा जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिला के गर्भवती होने की बात जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।