शिमला, 25 जून : हिमाचल प्रशासनिक सेवा (एचएएस) के सात अफसरों का भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में प्रमोशन हो गया है। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय की ओर से शुक्रवार शाम को अधिसूचना जारी कर दी गई। इसकी सूचना राज्य कार्मिक विभाग के अफसरों को भी मिल चुकी है।
हाल ही में दिल्ली में सभी के आईएएस बनने के लिए डीपीसी हुई थी, जिसमें मुख्य सचिव अनिल खाची के अलावा अतिरिक्त मुख्य सचिव कार्मिक प्रबोध सक्सेना शामिल हुए थे। एक साथ 7 हिमाचली अफसरों को आईएएस का तोहफा मिलने के कारण अब प्रदेश की अफसरशाही में ब्यूरोक्रेसी की कमी भी दूर हो जाएगी।
कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार आईएएस बनने वालों में निदेशक सूचना एवं जन संपर्क हरबंस सिंह ब्रास्कॉन के अलावा अश्वनी राज शाह, कुमुद सिंह, विनय सिंह, रीमा कश्यप, शुभ करण सिंह और सुमित खिम्टा शामिल है।
इस तरह सात और आईएएस अधिकारी मिलने से हिमाचल में अब आईएएस अधिकारियों का कुनबा और बढ़ गया है। हिमाचल में आइएएस का कुल 147 का काडर है। जानकारी अनुसार इनमें 120 आइएएस सेवारत हैं। 7 नए आईएएस मिलने से इनकी संख्या 127 हो जाएगी।