मंडी, 13 अप्रैल : हिमाचल प्रदेश यूथ कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फंड के दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। यह आरोप हिमाचल प्रदेश की भाजपा सरकार पर हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने लगाया है।
मंडी में मंगलवार को एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी ने सरकार पर कोविड के दौरान आम जनता को लूटने का आरोप भी लगाया। निगम भंडारी ने कहा कि कोविड के दौरान हिमाचल प्रदेश के स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फंड में लगभग 81 करोड़ रुपए इकट्ठा होने की जानकारी है। जिसमें सरकार के सहयोग के लिए आम जनता से लेकर विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने सहयोग किया।
यूथ कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश सरकार से पंजाब सरकार का अनुसरण करते हुए यहां पर भी कोविड के दौरान प्रदेश के फंड में एकत्र हुए हिसाब किताब को जनता के सामने रखने के साथ ही खर्च का ऑडिट करने की मांग उठाई है। इसके साथ ही प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी ने बताया कि प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अभियान छेड़ा गया है। जिसके चलते प्रदेश में विधानसभा स्तर पर युवा कांग्रेस लोगों के घरों में जाकर प्रदेश सरकार की नाकामी और कांग्रेस के विकास की गाथा को बताएंगे।
उन्होंने कहा कि नगर निगम में कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया है और आने वाले लोकसभा के चुनावों के लिए भी युवा कांग्रेस ने अपनी कमर कस ली है। इस दौरान उनके साथ मंडी जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष तरूण ठाकुर व अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।