चंबा, 01 फरवरी : एक तरफ जहां हिमाचल के पंचायती राज चुनाव में युवा चेहरे जीतकर सामने आ रहे है तो दूसरी तरफ चंबा जिले के विकास खंड मैहला की कोलका पंचायत के भाला गांव निवासी 79 वर्षीय सिंघु राम पहली बार वार्ड सदस्य चुने गए हैं।
उन्होंने पहली बार पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में दावेदारी ठोकी और 34 मतों से जीत दर्ज की। उन्होंने दो युवा प्रतिद्वंद्वियों को चुनाव में हराया। सिंघु राम ने इससे पहले कभी चुनाव नहीं लड़ा। वह पेशे से मिस्त्री हैं। अपने वार्ड में अच्छी पैठ के चलते ग्रामीणों ने बुजुर्ग वार्ड सदस्य को विजयी बनाया। इस बार उन्होंने भालका-2 वार्ड से वार्ड सदस्य पद के लिए दावेदारी पेश की। इसी वार्ड से 28 और 25 वर्षीय दो युवा भी चुनाव मैदान में थे। सिंघु राम को 113 वोट मिले।
दो अन्य उम्मीदवारों को 62 और 79 वोट मिले। सिंघु राम ने कहा कि लोगों ने उनका पूरा साथ दिया है। कहा कि वार्ड के विकास के लिए योजनाएं तैयार की जाएंगी।